Bollywoodbright.com,
वंदे भारत ट्रेन
नई दिल्ली: दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन करीब डेढ़ महीने के लिए रद्द कर दी गई है. उत्तर रेलवे ने दिल्ली से माता वैष्णो देवी कटरा तक वंदे भारत को 50 दिनों के लिए रद्द कर दिया है. 16 जनवरी से 6 मार्च तक वंदे भारत दिल्ली से कटरा नहीं जाएगी.
वंदे भारत ट्रेन 50 दिनों तक रद्द रहेगी
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सेमी हाई स्पीड ट्रेन 50 दिनों तक सेवा में नहीं रहेगी. जम्मू तवी यार्ड के यार्ड रिमॉडलिंग के कारण ट्रेन को रद्द किया गया है। ट्रेन रद्द होने से वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ सकती है. ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को दूसरी ट्रेनों और बसों का सहारा लेना पड़ सकता है.
ये वंदे भारत रद्द रहेगी
जानकारी के मुताबिक, भारतीय रेलवे ने राष्ट्रीय राजधानी को जम्मू-कश्मीर से जोड़ने वाली देश की दूसरी ट्रेन नई दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। ट्रेन संख्या (22439/22440) नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलती है। जिसे रद्द कर दिया गया है. हालांकि, श्री माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली तक चलने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (22477/22478) नियमित रूप से चलती रहेगी।
बता दें कि यह जम्मू यार्ड में नवीनीकरण कार्य के मद्देनजर जम्मू रेलवे स्टेशन से रद्द की गई 65 अन्य ट्रेनों का हिस्सा है। जम्मू स्टेशन पुनर्विकास परियोजना में सिग्नल प्रणाली को फिर से डिजाइन करना, प्लेटफार्मों का विस्तार करना और बहुत कुछ शामिल है।
दिल्ली से कटरा जाने में 8 घंटे लगते हैं
नई दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली और कटरा के बीच 655 किमी की दूरी 8 घंटे और 5 मिनट में तय करती है। यह ट्रेन अंबाला छावनी, लुधियाना जंक्शन, पठानकोट छावनी और जम्मू तवी पर रुकती है। इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) द्वारा विकसित किया गया था और इसका उद्घाटन 3 अक्टूबर, 2019 को किया गया था।
रिपोर्ट- अनामिका
नवीनतम भारत समाचार