Bollywoodbright.com,
पंजाबी रैपर शुभ को संयुक्त राष्ट्र ने क्लाइमेट एडवाइजरी का वैश्विक ब्रांड एंबेसडर चुना है। यह घोषणा बाकू अज़रबैजान में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP29 में की गई। संयुक्त राष्ट्र का यह फैसला शुभ की लोकप्रियता, संगीत और फैन फॉलोइंग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
.
यूनाइटेड नेशंस फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (यूएनएफसीसीसी) का मानना है कि शुभ का संगीत न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि वह अपनी कला और मंच का उपयोग सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए भी कर सकते हैं।
यूएनएफसीसीसी के प्रतिनिधि जिंगवेन यांग ने शुभ के योगदान और उनकी वैश्विक पहुंच की प्रशंसा करते हुए कहा- उनका संगीत और उनकी पहल जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूकता बढ़ाने में अत्यधिक प्रभावशाली हैं। उनकी कला भविष्य की पीढ़ियों के लिए ऐतिहासिक जलवायु जानकारी को संरक्षित करने में भी मदद करती है।
शुभ ने कहा- ये मेरे लिए बड़ा मौका है
शुभ ने इस मौके पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और इस भूमिका को एक गंभीर जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि ये रोल उनके लिए बड़ा मौका है. वे इसका उपयोग जलवायु परिवर्तन पर जागरूकता फैलाने, ज्ञान साझा करने और हमारी पृथ्वी पर सभी जीवित प्राणियों के लिए एक स्थायी भविष्य बनाने के लिए करेंगे।
शुभ वैश्विक सितारों की सूची में शामिल हो गया
इस नई भूमिका के साथ, शुभ ने खुद को वैश्विक जलवायु पहल का समर्थन करने वाले बड़े सितारों की सूची में शामिल कर लिया है। इनमें कोल्डप्ले, बीटीएस, बिली इलिश, लियोनार्डो डिकैप्रियो और डेविड बेकहम जैसे नाम शामिल हैं, जो पहले से ही संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न पहलों से जुड़े हुए हैं।
क्यों खास है शुभ का रोल?
वैश्विक ब्रांड एंबेसडर बने शुभ से भारत के युवाओं में जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है। उनका संगीत और उनके अनुयायियों की संख्या उन्हें एक प्रभावशाली मंच प्रदान करती है। जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दे को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में उनका योगदान बेहद अहम माना जाता है.
इस बार COP29 में मुख्य रूप से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और जलवायु अनुकूलन के उपायों पर चर्चा की गई। शुभ की नियुक्ति इस सम्मेलन की सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक मानी जा रही है.
शुभ ने अपने शो में इंदिरा गांधी की हत्या की तस्वीर वाली हुडी दिखाई थी, जिस पर विवाद खड़ा हो गया था.
शुभ से जुड़े विवाद
पंजाबी रैपर शुभ का नाम हाल के वर्षों में न केवल अपनी लोकप्रियता बल्कि कुछ विवादों के लिए भी चर्चा में रहा है। उनकी सफलता के साथ-साथ उनके बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट ने विवादों को भी जन्म दिया है। आइए एक नजर डालते हैं शुभ से जुड़े प्रमुख विवादों पर-
खालिस्तान का समर्थन करने का आरोप
2023 में शुभ पर खालिस्तान समर्थक विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप लगा था. उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट में जम्मू-कश्मीर और पंजाब के बिना भारत का नक्शा दिखाया गया था, जिसे कई लोगों ने भारत विरोधी माना। इस विवाद के चलते भारत में शुभ के कई शो रद्द कर दिए गए। खासकर उनका मुंबई कॉन्सर्ट भारी विरोध के कारण रद्द कर दिया गया था.
राजनीतिक विवाद और भारतीय ध्वज का अपमान
कुछ आलोचकों ने शुभ पर अपने बयानों और पोस्ट में भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करने का आरोप लगाया। हालाँकि, उन्होंने हमेशा इसे खारिज कर दिया और कहा कि उनका उद्देश्य सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देना है न कि किसी देश या समुदाय का अपमान करना। इसके बाद भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी बजाज ने शुभ के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया।
सोशल मीडिया विवाद
इंस्टाग्राम और ट्विटर पर शुभ के कई पोस्ट विवाद का विषय बने। वी स्टैंड टुगेदर पोस्ट को भारत विरोधी माना गया. हालांकि, शुभ ने बार-बार कहा है कि उनकी पोस्ट को गलत संदर्भ में लिया गया।