Bollywoodbright.com,
मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अगर महायुति मुंबई नगर निगम यानी बीएमसी चुनाव जीतती है तो वह मुंबई के लोगों को उनके सपनों की मुंबई देंगे। मुंबई के रामटेक बंगले में शिवसेना नेताओं की अहम बैठक के बाद शिंदे ने कहा कि आज की बैठक मुंबई में नगर निगम चुनाव को लेकर थी. उन्होंने कहा कि जिस तरह महायुति ने पूरी ताकत से विधानसभा चुनाव लड़ा, उसी तरह निकाय चुनाव भी लड़ेगी. आपको बता दें कि इस बैठक में मुंबई से शिवसेना विधायक और कई पदाधिकारी मौजूद थे.
'महायुति पूरी ताकत से लड़ेगी निकाय चुनाव'
बैठक के बाद शिंदे ने कहा, 'आज की बैठक मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर थी. महायुति ने विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से जीता. हमारी महायुति सरकार ने पिछले 2.5 साल में जो काम किया है, उसका पूरा फायदा मुंबई के लोगों को होने वाला है। यह बहुत महत्वपूर्ण बैठक थी. जिस तरह महायुति ने पूरी ताकत से विधानसभा चुनाव लड़ा, उसी तरह हम भी निकाय चुनाव लड़ेंगे, भारी बहुमत से जीतेंगे और लोगों को वैसी मुंबई बनाएंगे जैसा वे चाहते हैं। मुंबई एक अंतरराष्ट्रीय शहर है जहां दुनिया भर से लोग आते हैं इसलिए यहां सभी सुविधाएं होनी चाहिए। जो काम पहले होना चाहिए था वह नहीं हुआ लेकिन हमारे कार्यकाल में कई काम शुरू हुए हैं।
विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था
आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति ने शानदार प्रदर्शन किया था. उस चुनाव में महायुति ने 288 में से 235 सीटें जीतकर विपक्ष की कमर तोड़ दी थी. महायुति के अन्य प्रमुख घटकों में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं। बीएमसी की बात करें तो फिलहाल इस पर शिवसेना (यूबीटी) का नियंत्रण है और अगर महायुति इसे उद्धव ठाकरे से छीनने में सफल हो जाती है तो यह उनके राजनीतिक अस्तित्व के लिए एक बड़ा झटका होगा। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में बड़ी हार के बाद शिवसेना (यूबीटी) के लिए बीएमसी पर अपना दबदबा कायम रखना आसान नहीं होगा.